November 13, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

आईआईटी रुड़की के छात्रावास में 20 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

रुड़की (हरिद्वार):  भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के गोविंद भवन स्थित छात्रावास के एक कमरे में बीस वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची कोतवाली रुड़की पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की देर रात आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली रुड़की पुलिस को इस घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट और रात्रि अधिकारी ध्वजवीर सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल गोविंद भवन पहुंचे।

भवन की दूसरी मंजिल स्थित कमरा नंबर BS-10 का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो पुलिस ने सुरक्षा गार्डों की मदद से दरवाजा खुलवाया। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। कमरे के अंदर छात्र चादर के फंदे के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला।

गाजियाबाद का रहने वाला था मृतक

मृतक छात्र की पहचान आयुष रजौरिया (उम्र लगभग 20 वर्ष) पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी बांके बिहारी शरणम, राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने छात्र का परीक्षण किया और बताया कि उसकी मृत्यु करीब 5 से 6 घंटे पूर्व हो चुकी थी।

अधिकारियों ने किया निरीक्षण, लैपटॉप की भी जांच

घटना की सूचना पर जोनल चेकिंग कर रहे क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। साक्ष्य संकलन के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। इसके अलावा, पुलिस टीम ने मृतक के लैपटॉप को पासवर्ड के माध्यम से खोलकर उसकी भी आवश्यक जांच की है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के रुड़की पहुंचने के बाद शव के पंचायतनामे और पोस्टमार्टम की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है।

About The Author