कोटा, 1 अगस्त: कायस्थ समाज का गौरव एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर पहचान सेवा समिति द्वारा कोटड़ी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान आम, बेलपत्र, हरसिंगार, अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि पहचान सेवा समिति वर्ष 2017 से हाड़ौती क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान चला रही है। समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को प्रकृति से जोड़ना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का निर्माण करना है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डाॅ. सुनीता हरदावत ने विद्यार्थियों को पौधों के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में समय-समय पर पौधारोपण किया जाता है तथा विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी सौंपी जाती है।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी उपस्थितजनों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में पहचान सेवा समिति की उपाध्यक्ष डाॅ. नेहा प्रधान, सचिव डाॅ. सुलक्षणा शर्मा, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डाॅ. सुनीता हरदावत, विद्यालय की अध्यापिकाएँ तथा छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


More Stories
हरिद्वार: रेलिंग पार कर गहरे पानी में उतरे 3 कांवड़िये, 2 लापता और 1 को जल पुलिस ने बचाया
कांवड़ यात्रा: गंगा की तेज धार में फंसे 44 श्रद्धालुओं का अब तक किया गया सफल रेस्क्यू
शिव भक्त कावड़ियों की सेवा ही शिव की आराधना- देवेंद्र प्रजापति