हरिद्वार: तीन दिन पूर्व राजधानी देहरादून के थानों रोड बड़ासी पुल के नीचे घायल अवस्था में मिली महिला के सिर में गोली मारी गई थी।

चिकित्सकों ने आपरेशन कर सिर से गोली को निकाल दिया है। महिला हरिद्वार के ज्वालापुर की रहने वाली है। महिला की बहन की तहरीर पर पुलिस ने मुकद्मा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक 13 जनवरी की शाम को पुलिस को देहरादून के थानों रोड बड़ासी पुल के नीचे एक महिला के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी मालदेवता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

घायल महिला मौके बेहोशी की हालत में थी, जिसके सर पर चोट के निशान थे। महिला को 108 के माध्यम से उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की पहचान के लिए उसकी फोटो व वीडियो को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया गया।

जनपद हरिद्वार में एक फेसबुक पोस्ट में देखकर घायल महिला की बहन काव्या ने थाना रायपुर पुलिस से संपर्क किया। 14 जनवरी को बहन काव्या दून अस्पताल पहुंची, जिसने महिला की पहचान अपनी बड़ी बहन तानिया पुत्री हेमराज चौहान निवासी ज्वालापुर निकट पूजा स्वीट्स, हरिद्वार के रूप में की।

महिला के बारे में जानकारी मिली कि महिला के पति का नाम शुभम पुत्र प्रभु दयाल निवासी सोनीपत हरियाणा है। महिला तानिया व शुभम की वर्ष 2020 में लव मैरिज हुई थी। शादी के बाद तानिया अपने पति के साथ सोनीपत में ही रहती थी।

महिला का अपने मायके वालों से कम ही संपर्क होता था। तानिया ने अपनी छोटी बहन काव्या से करीब 2 महीने पहले फोन पर बात की थी। महिला के ससुर व उसके भाइयों के मध्य भी प्रॉपर्टी को लेकर विवाद का पता चला है।

सितंबर 2023 को महिला के ससुर प्रभु दयाल के भी घर से कही चले जाने तथा इस संबंध में सोनीपत थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।

उसके बाद महिला व उसके पति के भी घर से कही चले जाने तथा अपना नंबर स्विच ऑफ कर लेने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।

महिला के बयान के लिये मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट दी गई, किंतु महिला के बयान देने की स्थिति में न होने के कारण बयान रिकॉर्ड नहीं हो पाये। चिकित्सकों ने महिला का सिटी स्कैन देखकर सिर के अंदर कुछ फंसा हुआ होना बताया। चिकित्सकों ने जब आपरेशन किया तो सिर से बुलेट निकली है।

इस संबंध में महिला की बहन की तहरीर पर थाना रायपुर में पुलिस ने धारा 307 के तहत मुकद्मा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने महिला की सुरक्षा के लिए अस्पताल में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस मामले में कार्यवाही कर रही है। गोली किसने मारी इस संबंध में पुलिस जांच में जुटी है।