August 8, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा- हरिद्वार के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर सबदरखाल के पास उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), बेटी अन्नाविया (3), बेटे शादाब (14) और गुफरान पुत्र अकबर (34) की मौत हुई है। सभी मृतक लक्सर क्षेत्र के रायपुर जीतपुर गांव के रहने वाले थे। हादसे में अरमान पुत्र अफजल गंभीर रूप से घायल हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार देवप्रयाग से पौड़ी की ओर जा रही थी। सबदरखाल के समीप अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ के जवान खाई में उतरकर कार में फंसे छह लोगों को बाहर निकालकर सड़क तक लाए। हालांकि, तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को पहले बागी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर श्रीनगर रेफर कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग हरिद्वार के निवासी थे और किसी कार्य से पौड़ी जा रहे थे। पुलिस मृतकों की शिनाख्त और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है।

फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ आसपास के क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चला रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन में कोई अन्य व्यक्ति सवार तो नहीं था। दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About The Author