ऋषिकेश, 7 अगस्त। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पं. ललित मोहन शर्मा परिसर में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित देवभूमि उद्यमिता योजना 2.0 के तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्वक हुआ।
समापन दिवस पर 72 विद्यार्थियों ने स्टार्टअप, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल प्लेटफॉर्म और उद्यमिता के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। योजना की नोडल अधिकारी प्रो. अनीता तोमर ने विद्यार्थियों को स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित कर रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया।
जिला समन्वयक सपना नेगी ने मेंटरशिप, बूट कैंप, बिजनेस प्लान, सीड फंडिंग और अन्य अवसरों की जानकारी दी। युवा उद्यमियों मान्या राजपाल, मुस्कान रस्तोगी और रोविन ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप यह योजना युवाओं में नवाचार, नेतृत्व और उद्यमिता को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के लगभग 350 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अगले चरण में चयनित विद्यार्थियों को आइडिया स्क्रीनिंग, मेंटरशिप, बूट कैंप और सीड फंडिंग के माध्यम से अपने स्टार्टअप विकसित करने का अवसर मिलेगा।


More Stories
शिवडेल स्कूल जगजीतपुर एवं डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित
भारतेंदु समिति का भव्य शताब्दी समारोह एवं 176 वें भारतेंदु हरिश्चंद्र जयंती महोत्सव में 20 प्रतिभाएं होंगी सम्मानित
हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में हुआ शिक्षक दिवस का आयोजन