कमांद: राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत फिट इंडिया मूवमेंट के तहत महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में छात्राओं हेतु जूडो आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
कमांद, टिहरी गढ़वाल, 13 अक्टूबर 2026। राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर गौरी सेवक के कुशल मार्गदर्शन में विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को महाविद्यालय की महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. शैफाली शुक्ला के दिशा-निर्देशन में छात्राओं को आत्मसंरक्षा के गुर सिखाने के उद्देश्य से जूडो प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में महाविद्यालय की बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा मीनाक्षी, जो जूडो में प्रशिक्षित हैं, ने प्रशिक्षिका की भूमिका निभाते हुए महाविद्यालय की अन्य छात्राओं को जूडो की विभिन्न आत्मरक्षात्मक मुद्राओं एवं तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के योग प्रशिक्षक श्री देवेश कुमार ने भी कार्यशाला के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर आत्मरक्षा की उपयुक्त तकनीकों के प्रयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक रूप से सक्रिय बनाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, साहस, अनुशासन एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना था। जूडो जैसे मार्शल आर्ट का अभ्यास न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देता है, बल्कि मानसिक दृढ़ता, एकाग्रता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता के विकास में भी सहायक है। इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के साथ ही खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
कार्यशाला आयोजित होने से महाविद्यालय की छात्राओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।



More Stories
राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ में योग प्रतियोगिता एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
धनौरी पी.जी. कॉलेज में ‘विकसित भारत @2047’ के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं की धूम
राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन