July 16, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

महाविद्यालय कमांद में हरेला पर्व पर हुआ वृक्षारोपण, विद्यार्थियों को पौधों की देखभाल का दिलाया संकल्प

कमांद, टिहरी गढ़वाल, 16 जुलाई 26: उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में गुरुवार को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण एवं पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर आयोजित तकनीकी सत्र में महाविद्यालय की मुख्य अनुशासक (चीफ प्रॉक्टर) एवं समाजशास्त्र विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शेफाली शुक्ला ने हरेला पर्व के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि आज जिन पौधों का रोपण उन्होंने किया है, उनकी वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल करें तथा अपने जीवन के प्रत्येक महत्वपूर्ण अवसर—जन्मदिवस, विवाह वर्षगाँठ अथवा अन्य विशेष अवसरों पर—कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएँ और उसके संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।

महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राकेश नौटियाल ने अपने व्याख्यान में हरेला पर्व की सांस्कृतिक विरासत, उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं तथा वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अधिकाधिक वृक्ष लगाने एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपक राणा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण और संवर्धन को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय की रोवर-रेंजर इकाई के संयोजक डॉक्टर प्रवीण के निर्देशन में महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण किया गया। उन्होंने पौधारोपण की समुचित व्यवस्था कराते हुए विद्यार्थियों के साथ मिलकर सक्रिय रूप से पौधे लगवाए तथा उन्हें पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता की।

कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखण्ड के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण—डॉ. शेफाली शुक्ला, डॉ. राकेश नौटियाल, डॉ. दीपक राणा, डॉक्टर प्रवीण, डॉ. बीना, श्री सत्येंद्र डोभाल, श्रीमती पूजा रानी, श्रीमती प्रभा देवी, श्री दिनेश, श्री संजय बधानी, श्री कुलदीप कठियाल एवं श्री अंकित सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, वृक्ष संवर्धन एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के साथ हुआ।

About The Author