राजकीय महाविद्यालय नैनबाग, टिहरी गढ़वाल में दिनांक 19 मई 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर मुकेश कुमार के दिशा-निर्देशन में “साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस प्रोग्राम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर अपराध एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर मुकेश कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर अपराध के मामलों में निरंतर वृद्धि हो रही है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को जागरूक एवं सतर्क बनाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे सोशल मीडिया, ऑनलाइन लेनदेन तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के प्रति सजग रह सकें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित श्री राम नरेश शर्मा एवं श्री मंगेश चौहान, पुलिस उप निरीक्षक, नैनबाग, टिहरी गढ़वाल ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन फ्रॉड के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में सोशल मीडिया, फर्जी लिंक, ऑनलाइन लेनदेन एवं अज्ञात कॉल्स के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है, जिसमें छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति, संदिग्ध लिंक या सोशल मीडिया अनुरोध पर बिना जांचे-परखे विश्वास न करें। साथ ही उन्होंने इंटरनेट एवं डिजिटल उपकरणों का उपयोग केवल पठन-पाठन, अध्ययन एवं सकारात्मक कार्यों के लिए करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के आयोजक एवं आईक्यूएसी समन्वयक श्री परमानंद चौहान ने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार का ओटीपी, पासवर्ड अथवा निजी जानकारी साझा करने से पूर्व पूर्ण सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग केवल अध्ययन, ज्ञानवर्धन एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए करना चाहिए।
महाविद्यालय की एंटी ड्रग सेल की नोडल अधिकारी डॉ. मधु बाला जुवांठा ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर देता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने करियर एवं लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने तथा नशे से दूर रहने की अपील की। साइबर सुरक्षा के संबंध में अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सुरक्षित रखने चाहिए तथा किसी भी अजनबी व्यक्ति के साथ निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया पर आने वाली अज्ञात व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट एवं संदेशों को नजरअंदाज करना ही सुरक्षित उपाय है।
कार्यक्रम में श्री अली अकबर हेड कांस्टेबल पुलिस चौकी नैनबाग,महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं कर्मचारी व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में छात्र – छात्राओं ने साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की।


More Stories
गजा: दिव्यांशु तोपवाल के भारतीय नौ सेना मे सब लेफ्टिनेंट बनने पर खुशी की लहर
राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी में शांतिपूर्वक प्रारम्भ हुई सम- सेमेस्टर की मुख्य परीक्षाएं
हरिद्वार: सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष ने उठाए नगर निगम भूमि घोटाले की जांच पर सवाल