टिहरी गढ़वाल। इंदर सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, पौखाल की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर 18 मार्च 2026 को विविध गतिविधियों के साथ आयुर्वेद, परंपरागत औषधीय ज्ञान एवं महिला स्वास्थ्य विषय पर एक महत्वपूर्ण बौद्धिक चर्चा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन पूजा-अर्चना एवं योग-प्राणायाम से हुई। इसके उपरांत स्वयंसेवियों ने भोजन ग्रहण कर शिविर स्थल राजकीय प्राथमिक विद्यालय, कांडी तल्ली में क्यारियों की गुड़ाई, बागवानी, सफाई एवं छंटाई का कार्य किया। साथ ही विद्यालय मार्ग की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
दोपहर भोजन के पश्चात आयोजित बौद्धिक सत्र में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पौखाल की मेडिकल ऑफिसर डॉ. गीतिका ने स्वयंसेवियों को संबोधित किया। उन्होंने आयुर्वेद की उपयोगिता एवं परंपरागत औषधीय पद्धतियों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही महिला स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देते हुए संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या तथा प्राकृतिक उपचार पद्धतियों—जैसे ऋतुचर्या, दिनचर्या एवं पंचकर्म—को अपनाने पर बल दिया।
डॉ. गीतिका ने स्वयंसेवियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए महिला स्वास्थ्य से संबंधित प्रश्न पूछकर विषय को गहराई से समझा। यह सत्र सभी के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस प्रभारी डॉ. पुष्पा झाबा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए स्वयंसेवियों से अपील की कि वे प्राप्त ज्ञान को अपने जीवन में आत्मसात करें।


More Stories
राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ की एनएसएस इकाई के दिवसीय शिविर हुआ आयोजन
राष्ट्रीय सेवा योजना भारत माता की सेवा करने का एक आदर्श मंच: डॉ० देवेंद्र भसीन
महाविद्यालय नैनबाग के छः दिवसीय रोजगार कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन