October 14, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय अगरोड़ा में ‘विकसित भारत @2047’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

अगरोड़ा: आज दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को शहीद श्रीमती हंसा धनाई राजकीय महाविद्यालय, अगरोड़ा टिहरी गढ़वाल में ‘विकसित भारत @2047’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।

का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. एस. जौहरी जी , मुख्य अतिथि डॉo भान सिंह नेगी एवं विशिष्ट अतिथि श्री धनवीर सिंह नेगी, मान सिंह नेगी जी के द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉक्टर भान सिंह नेगी जी ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व, जनसेवा तथा विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का संदेश दिया।

तथा उन्होंने इस बात पर बल दिया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्रहित में योगदान दे। उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए शिक्षा, अनुशासन, परिश्रम, नैतिक मूल्यों और सामाजिक सेवा को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि श्री धनवीर सिंह नेगी जी ने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश को प्रगति, आत्मनिर्भरता और समृद्धि के शिखर तक पहुंचाने का राष्ट्रीय संकल्प है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी प्रतिभा, ज्ञान और सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज में परिवर्तन लाने के लिए आगे आना चाहिए। वहीं, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याण के कार्यों में सहभागिता ही सच्ची सेवा भावना का परिचायक है।

कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत @ 2047 के संयोजक श्री अमित कुमार सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर,भौतिक विज्ञान तथा सेवा संकल्प अभियान के संयोजक श्री रमेश चंद्र, असिस्टेंट प्रोफेसर, राजनीति विज्ञान ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण एवं समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास समाज में व्यापक बदलाव ला सकते हैं। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज की बेहतरी तथा देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में करना चाहिए।

इस अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत की परिकल्पना, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा सामाजिक सेवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें भविष्य में भी शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. एस. जौहरी जी ने इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक चेतना, सेवा भावना और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया। एवं कार्यक्रम की समाप्ति पर मुख्य अतिथि डॉक्टर भान सिंह नेगी एवं विशिष्ट अतिथियों का हार्दिक आभार और धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन श्री जोगेंद्र कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर, भूगोल के द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान के उद्देश्यों को सफल बनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा—शिक्षित युवा, जागरूक नागरिक और सेवाभावी समाज ही विकसित भारत @2047 के सपने को साकार करने की मजबूत नींव हैं।

About The Author