हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर स्थित नहर किनारे एक 24 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के देवकली गांव का निवासी था। वह हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में स्थित एक टायर फैक्ट्री में काम करता था और सिडकुल क्षेत्र की सरस्वती विहार कॉलोनी में अपनी पत्नी के साथ किराए पर रह रहा था।
परिजनों ने बताया कि युवक बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकला था। घर से निकलते समय उसने अपनी पत्नी से चुन्नी मांगी थी, जिसे लेकर वह बाहर चला गया। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
अगले दिन उसका शव सलेमपुर नहर किनारे एक पेड़ से लटका हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


More Stories
केन्द्रीय शगृहमंत्री अमित शाह ‘जन-जन की सरकार:चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में आज करेंगे प्रतिभाग ,मुख्यमंत्री धामी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री धामी के मंत्रिमंडल की बैठक में 5 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर
बीएचईएल के फाउंड्री गेट के पास सड़क दुर्घटना में घायलों को एसएसपी ने भिजवाया अस्पताल