•  कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का जताया आभार

डी पी उनियाल की रिपोर्ट:  नरेन्द्र नगर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय पालीटेक्निक कालेज गजा का नाम अब बिमाण गांव निवासी शहीद विक्रम सिंह नेगी के नाम से जाना जायेगा।

उत्तराखंड शासन तकनीकी शिक्षा अनुभाग के कार्यालय ज्ञाप संख्या 1524/Xli -A/23-49/18/E-37956 देहरादून दिनांक 22दिसम्बर 2023 के द्वारा ‘ राजकीय पालीटेक्निक कालेज गजा का नाम शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पालीटेक्निक गजा कर दिया गया है।

क्षेत्र के विधायक व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने माह जुलाई 2023 में पालीटेक्निक कालेज गजा के भूमि पूजन के दिन अपने सम्बोधन में घोषणा की थी कि पुंछ सेक्टर में सन् 2021 में शहीद विक्रम सिंह नेगी के नाम पर पालीटेक्निक कालेज गजा का नाम किया जायेगा। शासनादेश जारी हो जाने पर क्षेत्र के लोगों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का आभार जताया है।

बताते चलें कि 15अकटूबर सन् 2021को गजा तहसील में बिमाण गांव निवासी बिक्रम सिंह नेगी आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हो गए थे। उस समय उनका बेटा प्रियांक मात्र 2साल का था।

शहीद विक्रम सिंह नेगी के नाम से पालीटेक्निक कालेज गजा का नाम करने पर नगर पंचायत गजा निवर्तमान अध्यक्ष श्रीमति मीना खाती, सांसद प्रतिनिधि गजेन्द्र सिंह खाती, चम्बा ब्लाक प्रमुख शिवानी विष्ट , भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष देव सिंह पुंडीर , पूर्व अध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी ,मंडल अध्यक्ष रतन सिंह रावत, प्रधान बिमाण गांव सुरेन्द्र सिंह नेगी ने शहीद की स्मृति को याद किए जाने पर तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त किया है।

पालीटेक्निक कालेज गजा के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र का पत्र शहीद की पत्नी पार्वती देवी को मिलने पर पिता साहब सिंह नेगी , माता बिरजा देवी, दादी रुकमा देवी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद सैनिक को समर्पित किया गया है।

गांव में शहीद के नाम से स्मृति द्वार का निर्माण सांसद तीरथ सिंह रावत ने सांसद निधि से कराया है ।