संजीव शर्मा, 25 अगस्त 2026, हरिद्वार: सनातन ज्ञान पीठ शिव मंदिर, सेक्टर-1 समिति द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के ग्यारहवें दिवस कथा व्यास परम पूज्य आचार्य महंत प्रदीप गोस्वामी जी महाराज ने भगवान शिव के 12 पवित्र उप-ज्योतिर्लिंगों की प्राकट्य कथा एवं उनके दिव्य महात्म्य का भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा प्रवाह को आगे बढ़ाते हुए पूज्य महाराज श्री ने बताया कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश 12 मुख्य ज्योतिर्लिंगों के दर्शन नहीं कर पाते, वे यदि श्रद्धापूर्वक उप-ज्योतिर्लिंगों के दर्शन व स्मरण कर लें, तो उन्हें समान पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
महाराज श्री ने सोमनाथ के उप-ज्योतिर्लिंग ‘अंतकेश’, मल्लिकार्जुन के ‘रुद्रेश्वर’, महाकालेश्वर के ‘दुग्धेश्वर’, ओंकारेश्वर के ‘कर्दमेश्वर’, केदारनाथ के ‘भूतेश’ तथा भीमाशंकर के उप-ज्योतिर्लिंग ‘भीमेश्वर’ की दिव्य कथाओं का सुंदर रसपान कराया।
तत्पश्चात् उन्होंने काशी विश्वनाथ के उप-ज्योतिर्लिंग ‘त्रिलोचन’, त्र्यंबकेश्वर के ‘नागेश्वर’, वैद्यनाथ के ‘भस्मगात्र’, नागेश्वर के ‘करवीरेश्वर’, रामेश्वरम के ‘सकलेश्वर’ तथा अंतिम ज्योतिर्लिंग घृष्णेश्वर के उप-ज्योतिर्लिंग ‘व्याघ्रेश्वर’ के प्राकट्य का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
महाराज श्री ने कहा कि शिव पुराण के अनुसार इन उप-ज्योतिर्लिंगों में भी भगवान भोलेनाथ का साक्षात अंश विद्यमान है।
इनके स्मरण मात्र से मनुष्य के जन्म-जन्मांतर के पाप कट जाते हैं और शिवभक्ति दृढ़ होती है।कथा के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं ने उप-ज्योतिर्लिंगों के स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। संपूर्ण वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। अंत में महाआरती के पश्चात् श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
इस पावन अवसर पर मुख्य यजमान जे.पी. अग्रवाल एवं मंजू अग्रवाल सहित ब्रिजेश शर्मा, दिलीप गुप्ता, राम कुमार, जयप्रकाश, तेजप्रकाश ठाकुर, राकेश मालवीय, आदित्य गहलोत, अनिल चौहान, सुनील चौहान, मोहित शर्मा, मानदाता, हरिनारायण त्रिपाठी, दिनेश उपाध्याय, पंकज चौहान, राजीव, अलका शर्मा, संतोष चौहान, पुष्पा गुप्ता, सरला शर्मा, अन्नपूर्णा, राजकिशोरी मिश्रा, रेनू शर्मा, कुसुम गैरा, भावना गहलोत, कौशल्या, मनसा मिश्रा, सुहानी गुप्ता, सुनीता चौहान, मीनाक्षी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


More Stories
कला कन्या महाविद्यालय कोटा में पब्लिक स्पीकिंग और प्रेजेंटेशन स्किल्स की कला एवं व्यक्तित्व विकास विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित
नारायणबगड़: राजकीय महाविद्यालय मींग में छात्र-छात्राओं उत्पादों के स्टॉल लगाकर सीखे उद्यमिता के गुर
राजकीय कला कन्या महाविद्यालय कोटा में खेल सप्ताह का हो रहा आयोजन