देहरादून, 6 अक्टूबर 2026: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मालदेवता, रायपुर में “गढ़भोज 2026” के प्रथम दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्तराखण्ड की समृद्ध पारंपरिक खाद्य संस्कृति, स्थानीय खाद्यान्नों के पोषण एवं स्वास्थ्य लाभ तथा उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. डिम्पल भट्ट के परिचयात्मक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि मंडुवा, झंगोरा, गहत, भट्ट एवं चौलाई जैसे स्थानीय खाद्य पदार्थ हमारी सांस्कृतिक विरासत होने के साथ-साथ प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन एवं अन्य महत्वपूर्ण पोषक तत्वों के अच्छे स्रोत हैं। बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच पारंपरिक एवं संतुलित भोजन को पुनः दैनिक आहार से जोड़ना आवश्यक है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वी. पी. अग्रवाल ने गढ़भोज पहल की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को अपनी खाद्य विरासत से जोड़ना स्वस्थ उत्तराखण्ड के निर्माण के साथ-साथ स्थानीय कृषि, जैव विविधता और ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. विजेन्द्र लिंगवाल ने उत्तराखण्ड के पारंपरिक व्यंजनों के महत्व तथा पारंपरिक खाद्य प्रसंस्करण एवं संरक्षण तकनीकों पर प्रकाश डाला।
प्रथम दिवस पर भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता का समन्वय डॉ. लीना रावत तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता का समन्वय डॉ. ममता रावत ने किया। प्रतियोगिताओं का निर्णयन डॉ. आशा रंगौली, डॉ. मैत्रेयी थपलियाल एवं डॉ. उमा पपनोई द्वारा किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में सूरज रतूड़ी ने प्रथम, वशुतोष ने द्वितीय तथा अनामिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता में अंचल प्रथम रहीं। सूरज रतूड़ी एवं वशुतोष संयुक्त रूप से द्वितीय तथा माही यादव तृतीय स्थान पर रहीं। विद्यार्थियों ने गढ़भोज, स्थानीय खाद्य पदार्थों, पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में डॉ. कविता काला ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों, संयोजकों एवं प्राध्यापकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।



More Stories
उत्तराखंड में पत्रकारों के लिए बड़ी खबर, सूचना विभाग ने दिए आदेश, जानिए…
मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय फुटबॉल खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन हुआ फाइनल मुकाबला
हरिद्वार: भागीरथ जनकल्याण समिति कर रही भागीरथ मेला महोत्सव का आयोजन