April 9, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय ‘टाई एंड डाई’ कार्यशाला का समापन

हरिद्वार 08 अप्रैल, 2026: धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी में कौशल विकास समिति, गृह विज्ञान एवं चित्रकला विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ‘टाई एंड डाई’ कार्यशाला का आज भव्य समापन हुआ। कार्यशाला के अंतिम दिन छात्रों द्वारा तैयार किए गए वस्त्रों की एक आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने कॉलेज परिसर को रंगों के उत्सव में बदल दिया।

प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने छात्रों की प्रतिभा की जमकर सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “आज की प्रदर्शनी केवल रंग और कपड़ों का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह हमारे छात्रों के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक ठोस कदम है। नई शिक्षा नीति (NEP) का मूल उद्देश्य भी यही है कि छात्र डिग्री के साथ-साथ ऐसा हुनर लेकर निकलें जो उन्हें रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाए।”

प्रदर्शनी में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. किरण, डॉ. कल्पना भट्ट और डॉ. सीमा पंत उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पैटर्न जैसे—लहरिया, बांधनी और आधुनिक ग्राफिक डिजाइनों का बारीकी से निरीक्षण किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों का चयन कर उनका मार्गदर्शन किया।

इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. प्रियंका कुमारी (विभागाध्यक्ष, गृह विज्ञान एवं कौशल विकास समिति) के नेतृत्व में हुआ। कार्यशाला के समापन समारोह का सफल मंच संचालन डॉ. करिश्मा तोमर द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान डॉ. करिश्मा तोमर, सुश्री मोनिका रानी, डॉ. मीनाक्षी सैनी और श्री अंकित कोहली (सहायक आचार्य, चित्रकला विभाग) ने छात्रों को तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया। डॉ. प्रियंका कुमारी ने बताया कि प्रदर्शनी में रखे गए परिधान पूरी तरह से व्यावसायिक मानकों के अनुरूप हैं। उन्होंने इस सफलता के लिए पूरी टीम और गृह विज्ञान विभाग की प्रयोगशाला सहायक श्रीमती रंजीता के सहयोग की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य जी द्वारा सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त सहायक आचार्य, कर्मचारीगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author