हरिद्वार: कोतवाली रुड़की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कुल 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकों में हरिद्वार, मुज़फ्फरनगर और सहारनपुर से चोरी की गई मोटरसाइकिलें शामिल हैं। रुड़की में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर सख्ती दिखाते हुए कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशन में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था ।
इसी के चलते 31 जुलाई की रात सोलानी पुल के पास नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रुड़की सहित अन्य शहरों से बाइक चुराकर उन्हें बाग में छिपाते थे और फिर नंबर प्लेट बदलकर सस्ते दामों में बेचते थे।
गिरफ्तार आरोपी दिनेश कुमार (ग्राम कीरतपुर, शाहजहांपुर), नदीम (सफरपुर, रुड़की) और प्रदीप कुमार (मुण्डलाना, हरिद्वार) ने पूछताछ में बताया कि वे शौक पूरे करने के लिए बाइकों की चोरी करते थे। इस गिरोह का मास्टरमाइंड दिनेश है जो गोशाला में काम करता है, जबकि नदीम शटरिंग और प्रदीप खेती का कार्य करता है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 11 बाइकें बरामद की हैं, जिनमें कुछ पर पुराने नंबर प्लेट थे तो कुछ बिना नंबर के खड़ी की गई थीं। अधिकांश बाइक्स स्प्लेंडर मॉडल की हैं।



More Stories
महाविद्यालय मजरा महादेव में दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित
महाविद्यालय मालदेवता में शिक्षा विभाग के विभागीय परिषद के तत्वावधान में प्रतिभा और सृजनात्मकता का शानदार प्रदर्शन
हरिद्वार: भाजपा जिलाध्यक्ष का कांग्रेस पर तंज, बोले- झूठ गढ़कर जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस