January 27, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: विवाहिता को ससुराल वालों ने पिलाया था तेजाब, हुयी मौत

हरिद्वार: जनपद हरिद्वार से विवाहित को तेजाब पिलाकर  मार देने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में दहेज नहीं मिलने पर विवाहित को तेजाब पिला देने के कारण विवाहिता ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

मृतका के पिता की तहरीर पर पथरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक पथरी क्षेत्र के घिस्सूपुरा निवासी रियाजुल अंसारी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का निकाह कुछ साल पहले घिस्सूपुरा में ही रहने वाले शाहरुख से किया था। कुछ दिन बाद ही पति-पत्नी में अनबन रहने लगी। जिसके बाद बेटी मायके आ गई। गांव के कुछ बड़े लोगों ने समझौता कराकर बेटी की उसकी ससुराल भेज दिया था।

पिता का आरोप है कि करीब चार महीने पहले ससुराल वालों ने उनकी बेटी को तेजाब पिला दिया, जिससे उसकी तबियत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी होने पर विवाहिता को उसके मायके वाले ले आये। तभी से उसका इलाज उसके मायके वाले ही कराते आ रहे थे। मंगलवार सुबह मायके में ही विवाहिता की मौत हो गई।

विवाहिता की मौत के बाद पुलिस कंट्रोल रूम को उसके परिजनों ने मौत की जानकारी देते हुए पोस्टमॉर्टम की मांग की।

सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। पुलिस की सूचना पर तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिये जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मृतका के पिता रियाजुल की तहरीर पर पति शाहरुख पुत्र वकील, ससुर वकील, सास कौसर जहां, जेठ हाफिज उर रहमान, जेठानी सलम और देवर फारूक के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। लड़के शाहरुख व पिता वकील को हिरासत में लिया गया है।

About The Author