कोटा, 11 फरवरी। राजस्थान राज्य पाठ्यपुस्तक मंडल के शिक्षा प्रोत्साहन प्रन्यासी अरविन्द सिसोदिया ने राजस्थान सरकार की उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी द्वारा लगातार तीसरी बार प्रस्तुत बजट वर्ष 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे लोककल्याणकारी, दूरदर्शी एवं विकसित राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने वाला बजट बताया है।
उन्होंने कहा कि इस बजट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ, सबका विकास के मंत्र की स्पष्ट झलक मिलती है तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के विकसित राजस्थान के महत्वाकांक्षी संकल्प को यह बजट मजबूती प्रदान करता है।
सिसोदिया ने कहा कि यह बजट आधुनिक राजस्थान के नवनिर्माण को समर्पित है। बजट में कुल व्यय राशि में की गई उल्लेखनीय वृद्धि तथा विशेष रूप से योजना मदों पर बढ़ाया गया व्यय सरकार की विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे आमजन से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी के अनुसार वर्ष 2026-27 में राज्य का कुल अनुमानित वित्तीय व्यय 21 लाख 52 हजार 100 करोड़ रुपये रखा गया है। साथ ही प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 67 हजार रुपये से बढ़कर 2 लाख 23 हजार 49 रुपये तक पहुँचने का अनुमान है, जो डबल इंजन सरकार के सशक्त प्रयासों का परिणाम है।
सिसोदिया ने कहा कि बजट में युवा सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। एक लाख से अधिक सरकारी भर्तियों की घोषणा, कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार तथा उद्यमिता को प्रोत्साहन युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करेगा।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत 91 लाख लाभार्थियों को 28 हजार 400 करोड़ रुपये की पेंशन दी जा रही है, जिससे समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को संबल मिला है। वहीं किसान सम्मान निधि योजना के तहत 76 लाख 18 हजार किसानों को 10 हजार 900 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है।
सिसोदिया ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में विद्यालयों के उन्नयन, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा तथा विद्यार्थियों के लिए आधुनिक संसाधनों की व्यवस्था से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित होगी। वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में नए अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के विस्तार से आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री श्रीमती दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट राजस्थान को आधुनिक, आत्मनिर्भर एवं विकसित राज्य बनाने की दिशा में एक मजबूत आधारशिला सिद्ध होगा।


More Stories
मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025: फुटबॉल अंडर-14 वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले संपन्न
हरिद्वार: प्रेस क्लब में संवाद कार्यक्रम में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका सिंह ने दी योजनाओं की जानकरी
कोटा के डॉ विपुल सक्सेना को ज़ी टीवी ने किया “रियल हेरोज़” से अवॉर्ड से सम्मानित