उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में एक महिला की वीडियो वायरल करने की आरोपी महिला और उसकी दो बहनों ने कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क में तैनात पुलिस कर्मी ज्योति शर्मा के साथ हाथापाई की और उनकी वर्दी फाड़ दी। इसके बाद दोनों आरोपी महिलाएं कोतवाली से भाग गईं।
महिला पुलिस कर्मी की तहरीर पर कोतवाली में तीनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने फटी वर्दी को भी सील कर दी है। पुलिस कर्मी ज्योति शर्मा के अनुसार बुधवार को एक महिला ने अपने अश्लील वीडियो वायरल करने के संबंध में कोतवाली में शिकायत की थी।
शिकायत के आधार पर नगर के एक वार्ड की आरोपी महिला को कोतवाली बुलाया गया था। महिला दरोगा सोनिका जोशी ने दोनों पक्षों को सुना। इस दौरान पुलिसकर्मी ने जब उस महिला से मोबाइल दिखाने को कहा तो उस महिला और उसकी दोनों बहनों ने हंगामा शुरू कर दिया और फिर हाथापाई शुरू कर दी। हाथापाई के दौरान महिला पुलिस कर्मी ज्योति की वर्दी फट गई। घटना के बाद आरोपी महिला और उसकी दोनों बहनें कोतवाली से भाग गईं। पुलिस ने धारा 186, 332, 353, 504 के तहत तीनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली की महिला दरोगा सोनिका जोशी ने बताया नगर के एक वार्ड में किराए पर रहने वाली महिला का एक व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी ने वीडियो कॉल के दौरान उसका अश्लील वीडियो बना लिया। महिला का आरोप है कि प्रेमी की पत्नी ने अपनी बहनों के साथ मिलकर उसका अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करने लगीं। इसकी शिकायत पुलिस से की गई तो पुलिस ने तीनों बहनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने महिला का वीडियो बनाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसे आईपीसी की धारा 509 एवं 67 आईटी एक्ट के तहत कोर्ट भेजा गया है।


More Stories
कोटा- आध्यात्मिक गुरु बाबा उमाकांत जी महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचे कोटा के सैकड़ों भक्त
राजकीय महाविद्यालय मालदेवता में अन्तर सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कला संकाय ने जीती चैंपियनशीप ट्रॉफी
हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के 123वें वार्षिकोत्सव का ‘प्रोत्साहन’ 21 कुण्डीय वैदिक यज्ञ के साथ शुभारम्भ