उत्तराखण्ड: प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा देहरादून से बुद्धवार को सभी विभागों की नागरिक सेवाओं को एकीकृत करते हुए जनमानस तक सुविधाजनक, कुशल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार के नवीन पोर्टल अपणी सरकार का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इसके तहत ई- डिस्ट्रिक्ट के माध्यम से संचालित 32 सेवाओं को अद्यतन करते हुए कुल 75 सेवाओं को अपणी सरकार के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाया जाएगा।

आपणी सरकार पोर्टल के माध्यम से 9 विभागों की 75 सेवाएं यथा — चरित्र प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीकरण, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं विकलांग पेंशन आदि को फेसलेस, कैशलेस एवं पेपरलेस तरीके से आ नागरिकों को उपलब्ध कराया जाएगा।

यह सभी सेवाएं नागरिकों को ई- डिस्ट्रिक्ट केंद्रों एवं सीएससी केंद्रों एवं पोर्टल पर भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों से जिन लोगों ने अपने प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाई, उनसे बात भी की और उनसे सुझाव भी लिए। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से उन्नति पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेंगे।