November 10, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय: कुलसचिव से मारपीट मामले में अध्यक्ष-महामंत्री समेत 6 कर्मचारी निलंबित

हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलसचिव के साथ हुई मारपीट के मामले में कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने सख्त रुख अपनाते हुए छह कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई की जद में कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक भी शामिल हैं। इन सभी निलंबित कर्मचारियों को देहरादून स्थित कन्या गुरुकुल परिसर से संबद्ध (अटैच) कर दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कराई गई विभागीय जांच के आधार पर की गई है। इसके साथ ही आर्य प्रतिनिधि सभा ने भी इस मामले में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
कार्यालय में घुसकर की थी मारपीट और तोड़फोड़
यह घटना 31 अक्तूबर की है, जब कुछ कर्मचारी जबरन कुलपति कार्यालय में घुसने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलने पर कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को काम पर लौटने की सलाह दी। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि कर्मचारियों ने कुलसचिव के साथ जमकर मारपीट कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान कुलपति कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए, डीवीआर उखाड़ ली गई और गोपनीय फाइलें भी गायब कर दी गईं। हालांकि, मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
अस्पताल में भर्ती हैं कुलसचिव, तीन आरोपी जेल में
मारपीट में गंभीर रूप से घायल कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार का पिछले एक सप्ताह से जौलीग्रांट अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है और अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। निलंबन की इस कार्रवाई के बाद साफ है कि पुलिस की आपराधिक जांच के साथ-साथ अब विश्वविद्यालय की विभागीय कार्रवाई भी तेजी से आगे बढ़ेगी।

About The Author