चुनावी माहौल में हर बार नेताओं का दल बदल का दौर चलता रहता है इसी क्रम में इस बार के विधानसभा चुनाव के आते ही फिर दलबदल का दौर भी शुरू हो गया है. उत्तराखंड में कई बड़े नेता पाला बदल चुके हैं तथा साथ ही आने वाले दिनों में इस तरह की सियासी हलचल तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड दौरा है , भाजपा के सूत्र मोदी के दून दौरे के दौरान कुछ बड़े नेताओं के शामिल होने के संकेत भी दे रहे हैं।

इसी बीच कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता किशोर उपाध्याय के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं सियासी गलियारों में तैर रही हैं। राजनीति गलियारों की चर्चाओं और मीडिया रिपोर्टस के अनुसार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री किशोर उपाध्याय भाजपा का दामन थाम सकते हैं।

किशोर उपाध्याय को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो चलीं हैं। हालांकि इसे लेकर बीजेपी-कांग्रेस दोनों ही ओर से ही चुप्पी साधी गई है।

लेकिन माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के शनिवार को देहरादून दौरे के दौरान कुछ बड़े नेता बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। अब वो कौन-कौन होंगे यह तो आज ही पता चलेगा।

हालांकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के बीजेपी में जाने की वजह कांगेस की अंतरकलह को माना जा रहा है। किशोर उपाध्याय के तेवरों से कांग्रेस हलकान है, किशोर उपाध्याय ने हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर सोशल मीडिया में हमला बोला था, इसे देखते हुए ही किशोर उपाध्याय के भाजपा में जाने की चर्चाएं हैं।