हरिद्वार: पिरान कलियर दरगाह से 4 साल की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है जानकारी के अनुसार यूपी के गाजियाबाद से अपनी 4 वर्षीय नातिन और बेटे के साथ एक महिला करीब 2 महीने पहले पिरान कलियर दरगाह में जियारत करने के लिए आई थी।
बीते सोमवार को उसकी 4 वर्षीय नातिन का लंगर खाने के सामने से एक अज्ञात महिला ने अपहरण कर लिया।
पुलिस ने गाजियाबाद निवासी महिला की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो सामने आया कि एक महिला बच्ची को गोद में लेकर जा रही है, जिसकी पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद के डूंडाहेड़ा विजयनगर निवासी एक महिला करीब 2 माह पहले अपनी नातिन और बेटे के साथ दरगाह में हाजिरी के लिए आई थी। वह साबरी लंगर खाने के पास अपना बिस्तर लगा रही थी।
उसके पास एक अज्ञात युवती भी आकर रहने लगी। पिछले दो तीन-दिनों से युवती उनसे घुल मिलकर उनके बिस्तर पर ही सोने लगी। सोमवार को पीडि़त महिला अपने बेटे और अपनी 4 वर्षीय नातिन को बिस्तर पर बैठाकर नित्य क्रिया के लिए चली गई। इस दौरान पास में रहने वाली युवती ने उसके बेटे को लंगर की लाइन पर लगने के लिए भेज दिया और 4 वर्षीय मासूम को उठाकर अपने साथ ले गई।
मौके पर पहुंची महिला ने बच्ची और महिला को गायब देखा तो आसपास काफी तलाश की। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। जिस पर महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बच्ची को तलाशने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।


More Stories
कोटा- आध्यात्मिक गुरु बाबा उमाकांत जी महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचे कोटा के सैकड़ों भक्त
राजकीय महाविद्यालय मालदेवता में अन्तर सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कला संकाय ने जीती चैंपियनशीप ट्रॉफी
हरिद्वार: गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के 123वें वार्षिकोत्सव का ‘प्रोत्साहन’ 21 कुण्डीय वैदिक यज्ञ के साथ शुभारम्भ