June 6, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- सुबोध उनियाल

डीपी उनियाल, नरेंद्र नगर: देहरादून प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्राचार्यो एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में प्रतिभाग करते हुए प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों एवं स्वास्थ्य संस्थानों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक को सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण आधुनिक एवं किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर सुधार और संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है।

बैठक में मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की उपलब्धता, सुपर स्पेशलिस्ट पदों के सृजन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद, पी पी डी मोड पर संचालित परियोजनाओं की प्रगति तथा आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित विषयों पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया।

इस दौरान श्रीनगर मेडिकल कॉलेज मे ट्रामा सेंटर, न्यूरो सर्जरी उपकरणों एवं बीएलएस /एएलएस एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने तथा अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के विस्तार हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण करने का निर्णय लिया गया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाय।

उन्होंने सेवानिवृत्त चिकित्सकों की संविदा पर नियुक्ति, मेडिकल कॉलेजों में तकनीकी विशेषज्ञों की तैनाती तथा दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सा कर्मियों के लिए प्रोत्साहन संबधी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author