August 14, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय नैनबाग के नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ एवं अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन

नैनबाग। राजकीय महाविद्यालय नैनबाग, टिहरी गढ़वाल में बीए प्रथम सेमेस्टर (शैक्षणिक सत्र 2026-27) के नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के लिए दीक्षारंभ एवं अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. चंद्रशेखर नौटियाल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. मुकेश कुमार ने की। कार्यक्रम की संयोजक एवं संचालन हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू कोगियाल ने कार्यक्रम में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, सुविधाओं, विषय चयन तथा नई शिक्षा व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

नई शिक्षा नीति (NEP-2020), प्रवेश प्रक्रिया एवं विषय संयोजन के संबंध में डॉ. दुर्गेश कुमारी ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विषय चयन और उच्च शिक्षा में नई शिक्षा नीति की उपयोगिता के बारे में समझाया। डॉ. दिनेश चंद्रा ने विद्यार्थियों को

महाविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों, विभिन्न गतिविधियों एवं भविष्य की संभावनाओं के विषय में जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने तथा शैक्षणिक गतिविधियों के साथ अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. ब्रीश कुमार ने विद्यार्थियों को परीक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा से संबंधित नियमों, प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों की जिम्मेदारियों के बारे में सरल भाषा में समझाया।

मुख्य अतिथि डॉ. चंद्रशेखर नौटियाल ने नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय जीवन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालय में उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी शिक्षक एवं कर्मचारी प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान नव प्रवेशित छात्र छात्राओं ने महाविद्यालय में हर घर तिरंगा और अखिल भारतीय शिक्षा सम्मेलन के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया जिसमें सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया साथ ही इस कार्यक्रम में शैक्षणिक व्यवस्था और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी गई ।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय के वातावरण से परिचित कराने के साथ उन्हें उच्च शिक्षा की नई व्यवस्था, अनुशासन, परीक्षा प्रणाली एवं उपलब्ध अवसरों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ अमित गुप्ता,कर्मचारी रोशन,रीना,अनिल, एवं नव प्रवेशित छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

About The Author