September 3, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

राजकीय महाविद्यालय पौख़ाल में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन

महाविद्यालय पौख़ाल : आज दिनांक 02 सितम्बर 2026 को इंदर सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, पौखाल, टिहरी गढ़वाल में प्राचार्य प्रोफेसर सुरेश चंद्र जी की अध्यक्षता में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित श्री प्रदीप रावत ने छात्र-छात्राओं को बी.एड. एवं डी.एल.एड. पाठ्यक्रमों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

मुख्य वक्ता श्री प्रदीप रावत ने छात्र-छात्राओं को इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता, प्रवेश परीक्षा, प्रवेश एवं काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने उत्तराखंड में उपलब्ध प्रमुख सरकारी एवं निजी संस्थानों की जानकारी देने के साथ ही पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद शिक्षक के रूप में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के बारे में भी छात्र-छात्राओं बताया। उन्होंने प्राथमिक शिक्षक, एल.टी. शिक्षक एवं प्रवक्ता भर्ती के साथ-साथ CTET एवं UTET जैसी परीक्षाओं की उपयोगिता और तैयारी के संबंध में भी छात्रों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बी.एड., डी.एल.एड., शिक्षक भर्ती और रोजगार के अवसरों से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। मुख्य वक्ता ने छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर देने के साथ साथ, उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर समय रहते तैयारी शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय कैरियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंधरुति शाह, अंग्रेजी विभाग एवं डॉ. सर्वेश कुमार, हिंदी विभाग ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रोफेसर सुरेश चंद्र जी ने कहा कि शिक्षण एक सम्मानजनक करियर विकल्प है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी रुचि के अनुसार करियर का लक्ष्य निर्धारित करें तथा उसकी प्राप्ति के लिए नियमित रूप से तैयारी करें। उन्होंने मुख्य वक्ता एवं कार्यक्रम के आयोजकों का आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

About The Author