आज दिनांक 16 मार्च 2026 को राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर किशनपुर गोलापार की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा श्री हरि गोपाल बैंक्विट परिसर किशनपुर गोलापार में सप्तदिवसीय “विशेष शिविर” के छठवें दिवस का शुभारंभ प्रातः वंदना के साथ मां शारदे के श्री चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उसके बाद स्वयंसेवियों द्वारा सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत,अभिनंदन गीत के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री गौरव जोशी द्वारा छठवें दिवस की रूपरेखा स्वयंसेवियो के समक्ष प्रस्तुत की गई। समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं समाजसेवियों के द्वारा क्रमशः अपने-अपने व्यक्तव्यों के माध्यम से सभी स्वयंसेवियों का आह्वान करते हुए समाज सेवा के बारे में जागृत किया गया।
कार्यक्रम के शारीरिक सत्र के अंतर्गत सर्वप्रथम प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार द्वारा सभी स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए अधिक से अधिक संख्या में सप्तदिवसीय विशेष शिविर में प्रतिभाग करने हेतु जागरूक किया गया।
स्वयंसेवीयो ने विभिन्न योगासन एवं व्यायाम किए गए। तदुपरांत NSS गीत गाते हुए ग्राम किशनपुर एवं कल्याणपुर में जाकर “महिला सशक्तिकरण” पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया ।
तत्पश्चात सभी स्वयंसेवियों द्वारा वृहद स्तर पर स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन करते हुए साफ सफाई की गई।
विशेष शिविर के बौद्धिक सत्र के अंतर्गत सर्वप्रथम कुंवरपुर गोलापार पुलिस चौकी से आए हेड कांस्टेबल मलखान सिंह द्वारा सभी स्वयंसेवियों को नशा मुक्ति, साइबर क्राइम, महिला अपराध, यातायात नियम एवं उत्तराखंड मित्र पुलिस से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी देकर मार्गदर्शन किया गया।
उसके पश्चात गोलापार क्षेत्र के युवा व्यवसायी “जी गंगा जी” मसाला उद्योग के उद्यमी मोहन चंद्र कबड़वाल द्वारा स्वयंसेवियों को स्वरोजगार शुरू करने से संबंधित समस्त जानकारी प्रदान की गई। बौद्धिक सत्र के समापन में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला कोऑर्डिनेटर प्रोफेसर जगमोहन सिंह नेगी द्वारा विशेष शिविर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के तहत उनके द्वारा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, शिविर व्यवस्था, जलपान व्यवस्था, रहन-सहन व्यवस्था, स्वयंसेवियों के अनुशासन एवं शिविर में कराए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जांच की गई। जिला कोऑर्डिनेटर के औचक निरीक्षण में सभी विद्यार्थियों को अनुशासन में पाया गया तथा सारी व्यवस्थाएं मानकानुसार पाई गई। समस्त स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए उनके द्वारा समस्त स्वयंसेवियों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
जलपान के अंतर्गत विशेष शिविर के छठवें दिवस में सुबह नाश्ते में स्वयंसेवियों द्वारा चाय एवं दलिया बनाया गया। मध्याह्न भोजन में दाल, चावल,सब्जी एवं सलाद तथा रात्रि भोजन में रोटी, सब्जी, फ्राइड चावल एवं सलाद बनाया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर अर्चना जोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारीयों एवं अभिभावकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में NSS सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री गौरव जोशी एवं डॉक्टर किरन जोशी ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया। संबंधित विशेष शिविर में समस्त स्वयंसेवियो द्वारा खूब बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया।


More Stories
राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी कोटद्वार में कार्याशाला व करियर काउंसलिंग का हुआ आयोजन
हरिद्वार: प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की राजा गार्डन इकाई का हुआ गठन, अभिषेक चौहान बने अध्यक्ष
जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस- विधायक रवि बहादुर