राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में आगामी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में सहभागिता के लिए महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया गया है।
मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. खिलाप सिंह एवं योग प्रशिक्षक योगाचार्य भाष्करानंद मिश्रा ने बताया कि 21 जून 2026 को राहु इंद्रेश्वर मंदिर पैठाणी में स्थानीय जनसहयोग द्वारा प्रातः 7 बजे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आयोजित किया जाएगा।
महाविद्यालय के योग प्रशिक्षक भाष्करानंद मिश्रा ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन और आत्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
डॉ. खिलाप सिंह ने बताया कि योग दिवस के अवसर पर महाविद्यालय की नमामि गंगे इकाई द्वारा स्थानीय राहु इंद्रेश्वर मंदिर परिसर में कॉमन योग प्रोटोकॉल (Common Yoga Protocol) पर आधारित सामूहिक योगाभ्यास तथा एक बौद्धिक सत्र का आयोजन किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि योग एवं नशा मुक्ति जैसे विषय वर्तमान समय की महत्वपूर्ण सामाजिक आवश्यकताएं हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ समाज में सकारात्मक चेतना के प्रसार में भी सहायक सिद्ध होंगे।
महाविद्यालय प्रशासन ने समस्त छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं क्षेत्रीय नागरिकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की है। उक्त जानकारी महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने दी।


More Stories
कोटा: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन
विश्व हिन्दू परिषद भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण का सशक्त माध्यम : मुख्यमंत्री धामी
रायपुर की ग्राम पंचायत हल्द्वाड़ी-बडेरना में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण