उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में राहुल गांधी की जनसभा से लौट रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कार अनियंत्रित होकर कांचुला पुल के पास पैराफिट तोड़ते हुए करीब 50 मीटर नीचे नदी में गिर गई।
इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुंदन सिंह बथ्याल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा अल्मोड़ा-शेराघाट मोटर मार्ग पर स्थित कांचुला पुल के पास दोपहर करीब 2 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, तीनों व्यक्ति पिथौरागढ़ जिले के नाचनी क्षेत्र से कार (UK 04 Y 2999) में राहुल गांधी की जनसभा में शामिल होने के लिए अल्मोड़ा पहुंचे थे।
सुबह 11:20 बजे पहुंचे कार्यकर्ता दोपहर 12:20 बजे मौसम खराब होने के कारण कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा द्वारा कार्यक्रम रद्द किए जाने की घोषणा के बाद वापस लौटने लगे। जनसभा स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर पार्किंग स्थल तक पैदल पहुंचकर वे कार में सवार हुए और घर के लिए रवाना हो गए।
धौलछीना थाना प्रभारी सुनील सिंह बिष्ट के अनुसार, कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया। नदी से शव और घायलों को निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।
मृतक: कुंदन सिंह बथ्याल (उम्र 70 वर्ष), नाचनी निवासी। वे मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुके थे।
घायल: गणेश कुमार (32 वर्ष), भूपेंद्र प्रसाद (25 वर्ष) दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बता दें कि कुंदन सिंह बथ्याल कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता थे। उन्होंने नाचनी व्यापार संघ के अध्यक्ष के रूप में भी सेवा की और नाचनी में निजी स्कूल संचालित किया। उनके निधन से नाचनी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
विधायक बिशन सिंह चुफाल, मयूख महर हरीश धामी, दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या, पूर्व विधायक मीना गंगोला समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।


More Stories
समग्र कला साधक, संस्कार मित्र देवेंद्र कुमार सक्सेना- एक परिचय
हरिद्वार: पतंजलि से कर्मचारियों को छोड़ने जा रही बस ने दो मासूमों को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
कांग्रेस राहुल गांधी को भी कोटा-बूंदी से लडाये, तो भी भाजपा ही जीतेगी–अरविन्द सिसोदिया