ऋषिकेश से हरिद्वार जा रही जीएमओ की बस चीला बैराज रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसे में बच्ची समेत सात यात्री घायल हो गए। बस में कुल 30 यात्री सवार थे। घायलों को 108 की मदद से पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज शाम करीब 5 बजे जीएमओ की बस ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर जा रही थी, जिसमें 30 यात्री सवार थे। इस दौरान चीला रोड पर कुनाऊ के पास सड़क पर अचानक बछिया आ गई। चालक ने बछिया को बचाने का प्रयास किया, जिसके चलते बस अनियंत्रित हो कर सड़क पर ही पलट गई। बस में सवार 7 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको 108 के माध्यम से अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

बैराज पर ड्यूटी कर रहे उपनिरीक्षक नवीन पुरोहित द्वारा सूचना मिलने पर जोनल पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुछ घायलों को वो अपनी कार से हॉस्पिटल लेकर गए. वहीं बाकी के घायलों को अन्य माध्यमों से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस द्वारा अन्य सभी यात्रियों को उनके गंतव्य हेतु विभिन्न साधनों से भेजा गया। यातायात व्यवस्था कुछ घंटों बाद सुचारू कर दी गई।

घटना में खटीमा निवासी 26 वर्षीय अंकिता पुत्री योगेंद्र सिंह, नेपाल निवासी 17 वर्षीय बबलू पुत्र राम सिंह, नेपाल निवासी 35 वर्षीय राम सिंह पुत्र पप्पू, नेपाल निवासी 3 वर्षीय आर्यन पुत्र पप्पू, किच्छा निवासी 23 वर्षीय सुनीता मिश्रा और हरियाणा निवासी 32 वर्षीय अमन पुत्र धर्मपाल घायल हुए।