हरिद्वार : नगर कोतवाली क्षेत्र के उत्तरी हरिद्वार के पास दूधाधारी चौक पर एक ऑटो और ई-रिक्शा की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें महिलाओं सहित कई यात्री छिटककर सड़क पर गिर गए और घायल हो गए।
यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दोनों वाहन तेज रफ्तार में आमने-सामने आ गए थे और क्षमता से अधिक सवारियां ले जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री वाहनों से बाहर छिटककर दूर सड़क पर जा गिरे।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घायलों में महिलाओं समेत कई यात्रियों और बैटरी रिक्शा चालक को हल्की चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई लोगों को हल्की चोटें आईं।
बता दे कि दूधाधारी चौक क्षेत्र में भारी यातायात रहता है और अक्सर ऑटो-रिक्शा चालकों द्वारा पैसों के लालच में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के मामले सामने आते रहते हैं।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दोनों वाहन तेज गति से चल रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर खुदाई के बाद छोड़े गए मिट्टी के ढेर से बचने के प्रयास में दोनों चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठे, जिसके चलते आमने-सामने की टक्कर हो गई। फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।
यह घटना प्रशासन द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई करने की आवश्यकता को उजागर करती है।


More Stories
कला कन्या महाविद्यालय कोटा में पब्लिक स्पीकिंग और प्रेजेंटेशन स्किल्स की कला एवं व्यक्तित्व विकास विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित
नारायणबगड़: राजकीय महाविद्यालय मींग में छात्र-छात्राओं उत्पादों के स्टॉल लगाकर सीखे उद्यमिता के गुर
राजकीय कला कन्या महाविद्यालय कोटा में खेल सप्ताह का हो रहा आयोजन