हरिद्वार, 24 अगस्त 2026: धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए छात्र-प्रेरण (Students Induction) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, विभिन्न समितियों, डिजिटल सुविधाओं, परीक्षा प्रणाली, करियर अवसरों, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के सचिव श्री आदेश कुमार, प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार, डॉ. इवांशु सैनी, निदेशक, डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित कॉलेज, डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अलका सैनी, डॉ. सुनीता पासवान एवं अन्य प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। छात्राओं इशिका, निधि एवं काजल द्वारा मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों एवं अनुशासन की जानकारी देते हुए नियमित अध्ययन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के सचिव श्री आदेश कुमार ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास एवं स्थापना यात्रा से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि धनौरी क्षेत्र में शिक्षा की नींव रखने की प्रक्रिया का संबंध डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित के प्रयासों से रहा तथा इसी शैक्षणिक परंपरा के विकास के क्रम में धनौरी पी.जी. कॉलेज ने अपनी पहचान स्थापित की।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के समुचित आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न सत्रों एवं गतिविधियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
एंटी-रैगिंग समिति की प्रभारी डॉ. अलका सैनी ने रैगिंग से संबंधित नियमों एवं उसके दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए महाविद्यालय में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया।
डॉ. संदीप कुमार ने IQAC, NAAC एवं गुणवत्ता सुधार की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गुणवत्ता व्यवस्था में उनकी भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने नियमित उपस्थिति, अनुशासन तथा शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
डॉ. सुनीता पासवान ने विद्यार्थियों को परीक्षा प्रणाली, परीक्षा संबंधी नियमों, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी तथा परीक्षा अनुशासन एवं समय-सारणी का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
NSS समिति के प्रभारी डॉ. अंकुर कुमार ने NSS की गतिविधियों एवं उद्देश्यों से परिचित कराते हुए सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए विद्यार्थियों को सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित किया।
रोवर-रेंजर्स समिति की ओर से डॉ. आकाश ने बताया कि रोवर लड़कों एवं रेंजर्स लड़कियों के लिए होते हैं तथा इनमें प्रवेश, प्रवीण एवं निपुण स्तर के कैंप आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व एवं समग्र व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।
अकादमिक एवं NEP-2020 समिति के प्रभारी डॉ. वरुण कुमार ने सेमेस्टर प्रणाली, NEP-2020, समय-सारणी एवं परीक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने DSC, GE, SEC एवं VAC जैसे पाठ्यक्रमों की भूमिका एवं महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया
कार्यक्रम के दौरान एंटी-ड्रग समिति द्वारा “नशा मुक्त युवा, स्वस्थ समाज की पहचान” विषय पर हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। समिति की प्रभारी डॉ. प्रियंका मलिक ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
खेलकूद समिति के प्रभारी डॉ. राहुल कुमार ने महाविद्यालय में उपलब्ध खेल मैदान एवं स्पोर्ट्स सुविधाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को विभिन्न खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. कल्पना भट्ट द्वारा विभिन्न मेंटल गेम्स एवं रोचक गतिविधियाँ कराई गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साह एवं रुचिपूर्वक सहभागिता की। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों में एकाग्रता, रचनात्मक सोच एवं त्वरित निर्णय क्षमता को बढ़ावा मिला।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों एवं समितियों से जुड़े डॉ. शौर्यआदित्य, डॉ. आकाश, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. प्रियंका त्यागी, डॉ. रुचि शर्मा, डॉ. अर्पित एवं सुश्री मोनिका सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में Azim Premji Foundation की प्रतिनिधि मोनिका जी ने संस्था की गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की संक्षिप्त जानकारी दी तथा Azim Premji Scholarship एवं शैक्षणिक सहायता से संबंधित अवसरों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।
अंत में डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सचिव श्री आदेश कुमार, प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार, सभी वक्ताओं, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक संस्कृति, अनुशासन, गुणवत्ता व्यवस्था, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों एवं भविष्य के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


More Stories
राजकीय महाविद्यालय कोटा में “एक शिक्षक एक वृक्ष” कार्यक्रम आयोजित
राजकीय कला कन्या महाविद्यालय कोटा में अभिविन्यास कार्यक्रम संपन्न
संगीतज्ञ पंडित प्रभाकर लक्ष्मण गोहदकर जयंती समारोह का हुआ आयोजन