धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी (जनपद हरिद्वार) के जंतु विज्ञान विभाग द्वारा दिनांक 7 अप्रैल, 2025 को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया।

इस शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) विजय कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के अतिरिक्त व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था, जिससे वे जंतु विज्ञान से संबंधित महत्वपूर्ण संस्थानों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकें।

इस भ्रमण के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने देहरादून स्थित भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (Zoological Survey of India – ZSI), वन अनुसंधान संस्थान (Forest Research Institute – FRI) तथा भारतीय वन्य जीव संस्थान (Wildlife Institute of India – WII) का भ्रमण किया।

इन संस्थानों में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के संग्रहालय, जैव विविधता संरक्षण तकनीक, वनस्पति और प्राणी वर्गीकरण की विधियाँ, तथा पर्यावरणीय शोध से जुड़ी आधुनिक गतिविधियों का गहन अध्ययन किया।

शैक्षणिक भ्रमण की संयोजिकाओं, डॉ. प्रियंका कुमारी एवं डॉ. रुचि शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुसंधान के प्रति रुचि भी जागृत करते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि छात्रों ने भ्रमण के दौरान विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं और प्रायोगिक शिक्षा को नज़दीक से समझने का अवसर मिला।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने इस भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों को अपने विषय से जुड़ी विविध जानकारियाँ मिलती हैं, जिससे उनकी शैक्षणिक समझ और गहरी होती है।

उन्होंने संयोजिकाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियाँ निरंतर चलाए जाने की बात कही।

About The Author