March 1, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर ‘विज्ञान जागरूकता सप्ताह’ का समापन,विद्यार्थियों को किया सम्मानित

हरिद्वार: धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी द्वारा Indian Association of Physics Teachers – Asian Physics Olympiad (IAPT–APhO) के सहयोग से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विज्ञान जागरूकता सप्ताह’ (23 फरवरी से 28 फरवरी, 2026) का आज भव्य समापन समारोह (Valedictory Ceremony) के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, जिज्ञासा एवं प्रयोगात्मक सोच को विकसित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य सम्मानित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया, जो ज्ञान, विज्ञान एवं प्रगति के प्रकाश का प्रतीक है।

इस समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में Indian Association of Physics Teachers (IAPT) के Examination Coordinator (chief Coordinator) एवं डी.बी.एस. कॉलेज, देहरादून के सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. बी.पी. त्यागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने की।

इस अवसर पर विज्ञान जागरूकता सप्ताह के संयोजक एवं भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार, उप-प्राचार्या एवं शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. अलका सैनी, सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में मुख्य अतिथि प्रो. बी.पी. त्यागी ने विज्ञान के महत्वपूर्ण सिद्धांतों जैसे रेले प्रभाव (Rayleigh Effect) एवं रमन प्रभाव (Raman Effect) के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा बताया कि ये प्रभाव प्राकृतिक घटनाओं को समझने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासु बनने तथा अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस महान भारतीय वैज्ञानिक डॉ. सी.वी. रमन की खोज ‘रमन प्रभाव’ की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच अपनाने, नवाचार की दिशा में कार्य करने एवं विज्ञान के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

उप-प्राचार्या एवं शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. अलका सैनी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विज्ञान विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं व्यावहारिक विकास का आधार है तथा ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपने ज्ञान को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

विज्ञान जागरूकता सप्ताह के संयोजक एवं भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार ने पूरे सप्ताह आयोजित विभिन्न गतिविधियों जैसे निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुतीकरण, मॉडल प्रस्तुतीकरण एवं पीपीटी प्रस्तुतीकरण आदि का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया तथा बताया कि इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना एवं रचनात्मकता को बढ़ावा दिया।

समापन समारोह के दौरान पूरे सप्ताह आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं अन्य सम्मानित अतिथियों द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन श्रीमती मोनिका मित्तल एवं डॉ. कुमुद चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट संचालन से कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक बनाया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, प्राध्यापकगण, आयोजकों एवं विद्यार्थियों को उनके सक्रिय सहयोग हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस प्रकार ‘विज्ञान जागरूकता सप्ताह’ का सफल समापन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, ज्ञान एवं वैज्ञानिक चेतना का एक महत्वपूर्ण स्रोत सिद्ध हुआ।

About The Author