हरिद्वार: जनपद हरिद्वार में त्रिस्तरीय पंचायत के मतदान के दौरान एक प्रत्याशी के साथ दूसरे प्रत्याशी पक्ष के लोगों ने जमकर मारपीट कर दी।
प्रत्याशी के कपड़े तक फाड़ डाले। पीडि़त प्रत्याशी ने आरोप लगाया है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई है। मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट करने वाले वहां से फरार हो गए।
पीडि़त प्रत्याशी ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीडि़त का आरोप है कि आरोपी कह रहे हैं कि ये तो ट्रेलर है। फिल्म अभी बाकी है।
जानकारी के मुताबिक रुड़की के सफरपुर गांव से जिला पंचायत पद पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी मुरसलीन और गांव के ही दूसरे प्रत्याशी शहजाद अली के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
जिसके बाद कहासुनी मारपीट में बदल गई। आज सुबह मुरसलीन चुनावी स्थल माधोपुर हजरतपुर गांव में पहुंचे थे। तभी वहां पहले से मौजूद शहजाद के समर्थकों ने मुरसलीन के साथ जमकर मारपीट कर डाली। मुरसलीन के कपड़े भी फाड़ डाले।
इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ ही भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। मौके पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए।
घायल प्रत्याशी मुरसलीन का आरोप है कि मेरी छवि को धूमिल करने के लिए यह एक सोची समझी साजिश है। मुरसलीन का कहना है कि उन्हें दूसरे पक्ष की तरफ से फोन कर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
मामले में रुड़की सीओ विवेक कुमार का कहना है कि पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत करा दिया है। साथ ही मामले में कार्रवाई की जा रही है।



More Stories
हरिद्वार जनपद में 21 अक्टूबर से 07 नवम्बर तक चलेगा वृहद स्वच्छता अभियान, जिलाधिकारी ने नामित किए नोडल अधिकारी
विजयदशमी के अवसर पर नगर निगम द्वारा हरकी पैड़ी एवं आसपास के घाटों पर चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
हरिद्वार: कांस्टेबल प्रमोद कुमार का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन