हरिद्वार: फेरुपुर में संत रविदास जयंती पर निकली जा रही शोभायात्रा के दौरान दो सौ साल पुराने नीम के पेड़ का टहना काटने पर बवाल हो गया। पुलिस ने हंगामा शांत कराने की कोशिश की तो भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया।
पुलिस की पीसीआर का शीशा तोड़ डाला। पुलिस ने हंगामा कर रही भीड़ पर लाठीचार्ज किया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। गनीमत रही कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने डीजे को जब्त कर शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया है और हंगामा करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करने में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को फेरुपुर व धनपुरा में संत रविदास की जयंती पर शोभायात्रा निकाली जा रही थी। सुरक्षा की दृष्टि से शोभायात्रा को संपन्न कराने के पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किये हुए थे। शाम को धनपुरा के लोग शोभायात्रा समाप्त कर वापस आ चूके थे, लेकिन फेरुपुर के लोग शोभायात्रा समाप्त होने के बाद एक बड़ा डीजे लेकर आए और गांव में दोबारा शोभायात्रा निकालने लगे। शोभायात्रा के दौरान रास्ते में दो सौ साल पुराने नीम के पेड़ का टहना में डीजे अड़ गया। इसके बाद कुछ लोगों ने कुल्हाड़ी से जबरन टहना को काटना शुरू कर दिया। इतने में दूसरे पक्ष के लोग पहुंच गए और टहने को काटने का विरोध करने लगे।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझने का प्रयास किया। लेकिन लोगों ने पेड़ का टहना काटकर नीचे गिरा दिया, जिससे हंगामा ओर बढ़ गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका कड़ा विरोध कर दिया। आरोप है कि इस दौरान डीजे लेकर पहुंचे लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव से भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठियां फटकारनी शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि लोगों ने पथराव कर पुलिस वाहन का शीशा भी तोड़ दिया। विरोध कर रहे लोगों ने बताया कि यह पेड़ गांव में 200 साल पुराना है, जो गांव की आस्था का प्रतीक माना जाता है। इन लोगों ने इस पेड़ के टहने को काटकर अपराध किया है। गांव की आस्था को ठेस पहुंचाई है। यह सभी लोग योजनाबद्ध तरीके से पेड़ काटने के लिए कुल्हाड़ी इत्यादि लेकर आए थे।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने किसी का बुरा नहीं चाहा। उन्होंने समाज को सुधारने का ही काम किया है। वहीं पुलिस डीजे को जब्त कर चौकी ले आई है और अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है।\
थान अध्यक्ष पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि फेरुपुर में बिना अनुमति के डीजे से शोभा यात्रा को निकाला जा रहा था। इस दौरान गांव में खड़े पुराने नीम के पेड़ से डीजे टकरा गया और कुछ लोगों ने उसे पेड़ के टहने को काट दिया था, जिसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हंगामा हो गया था। पुलिस ने मामले को शांति से निपटा दिया है। लेकिन थाना अध्यक्ष ने पथराव करने वाली बात से इंकार कर दिया। उन्होंने बताया कि कोई पथराव नहीं हुआ है। पथराव होता तो अन्य लोगों को भी चोटें आती।