हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में एक विधवा से हैवानियत करने के बाद फरार चल रहे आरोपी रजत का शव सोमवार को रुड़की में गंगनहर से बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जेब से मिले मोबाइल और पर्स से मृतक की शिनाख्त हुई। परिजनों ने भी मौके पर मृतक की शिनाख्त की
विदित हो कि मामला एक सप्ताह पुराना है, जब सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करने वाली विधवा महिला के साथ आरोपी रजत निवासी सहदेवपुर, थाना पथरी ने दरिंदगी की थी।
घटना के बाद न केवल पीड़िता की आंखों में मिर्च झोंकी गई थी, बल्कि उस पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला भी किया गया था। गंभीर हालत में पीड़िता को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था, जहां वह अब भी जिंदगी की जंग लड़ रही है।
वारदात के बाद रजत फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश में कई टीमें लगाई थीं।
जांच के दौरान आरोपी की मदद करने के आरोप में पुलिस ने दो दिन पहले उसके मामा को गिरफ्तार किया था। बाद में उसके पिता, भाई और चाचा को भी हिरासत में ले लिया गया था।
इसी बीच सोमवार को रुड़की के पास गंगनहर से एक युवक का शव बरामद हुआ। जेब में मिले मोबाइल और पर्स की मदद से पुलिस ने परिजनों को बुलाकर उसकी पहचान कराई, जो रजत के रूप में हुई।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी की मौत गंगनहर में दुर्घटनावश डूबने से हुई या आत्मग्लानि में उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने हर एंगल से जांच के निर्देश दिए हैं।
रजत की मौत हादसे से हुई या उसने आत्महत्या की, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


More Stories
एशियन फिजिक्स ओलंपियाड में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन, जीते 3 रजत, 4 कांस्य एवं 1 Honorable Mention पदक
ऋषिकेश: विश्व जैव विविधता दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
सैकड़ों महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्तरांचल पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन की ली सदस्यता, रेनू कंडवाल बनीं जिला संयोजक