हरिद्वार, 4 सितंबर। मौसम विभाग द्वारा 5 सितंबर को हरिद्वार जनपद में भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने छात्र-छात्राओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र शनिवार, 5 सितंबर को बंद रहेंगे।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान में हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी वर्षा के साथ गर्जन, आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, तहसीलों तथा संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय या संबंधित विभाग के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


More Stories
नशे के खिलाफ हरिद्वार में उठेगी आवाज, 6 सितंबर को राष्ट्रीय सावक मंच करेगा विचार गोष्ठी का आयोजन
राजकीय महाविद्यालय नानकमत्ता में कैरियर काउंसलिंग एवं वित्तीय कौशल उन्नयन पर वेबिनार आयोजित
यूपीएससी के पैटर्न पर हो यूजीसी नेट परीक्षा- डॉ. सुशील उपाध्याय