हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में कुमाऊँ मीडिया सेंटर भवन का विधिवत शिलान्यास करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और सकारात्मक पत्रकारिता समाज एवं विकास को नई दिशा देती है।
लगभग 6 करोड़ 75 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों के लिए समर्पित, सुसज्जित एवं बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल भवन नहीं बल्कि पत्रकारों के लिए विचार-विमर्श, संवाद और जनसमस्याओं को मुखर करने का प्रभावी मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊँ क्षेत्र के पत्रकारों को विभिन्न कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन मीडिया सेंटर बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे।
उन्होंने बताया कि मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए गेस्ट रूम की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाचार पत्रों से जुड़े निरीक्षण कार्य भी इसी सेंटर से संपन्न होंगे, जिससे पारदर्शिता और कार्यक्षमता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकार कल्याण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये किया गया है। अधिस्वीकृत पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा दी जा रही है तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है।
उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि पत्रकारों की कलम लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।


More Stories
रावली महदूद की रामधाम कॉलोनी में अवैध प्लाटिंग और निर्माण को एचआरडीए ने किया ध्वस्त
गजा: मुख्यमंत्री करेंगे गजा घंटाकर्ण महोत्सव का उद्घाटन, घंटाकर्ण मंदिर मे पूजा के साथ तैयारियां शुरू
मौसम विभाग का अपडेट- 5 जिलों में बारिश की संभावना, अलर्ट जारी