उत्तराखंड:राज्य में स्थित मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने आगामी चार दिनों के लिए उत्तराखंड के कई जिलों में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 5 मई को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश, ओलावृष्टि और 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उनके साथ हरिद्वार और उधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
उत्तराखंड मौसम विभाग के निदेशक डॉ बिक्रम सिंह ने मौसम की जानकारी देते हुए कहा कि 6 और 7 मई को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, देहरादून और नैनीताल जिलों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की चेतावनी है। इन दिनों के लिए उत्तरकाशी जिले में मौसम का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
6 7 और 8 मई को संपूर्ण प्रदेश में मौसम का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश सरकार द्वारा मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सभी आईआरएस और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। एनएच, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई और बीआरओ को सड़कों के बाधित होने की स्थिति में त्वरित रूप से मार्ग बहाल करने के आदेश दिए गए हैं।
राजस्व, ग्राम विकास और पंचायत अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और आपदा की स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस चौकियों और थानों को वायरलेस सिस्टम सहित सभी आपदा उपकरणों के साथ सतर्क रहने को कहा गया है।
इसके अलावा सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने मोबाइल फोन चालू रखें और आवश्यक उपकरण जैसे बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट आदि वाहनों में साथ रखें। किसी भी आपात स्थिति में फंसे लोगों को खाद्य व चिकित्सा सहायता प्रदान करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।


More Stories
भारत बौद्धिक राष्ट्रीय परीक्षा 2026 में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता रायपुर में 128 छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सेलुलर जेल में दी गईं यातनाएं अमानवीयता की पराकाष्ठा थीं- जितेन्द्र रघुवंशी
जेएनवी पौखाल में एआई व जेईई मार्गदर्शन सत्र का हुआ आयोजन