- दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार में उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रोकने एवं महिला सशक्तिकरण पर हुआ गहन मंथन
कोटद्वार: डॉ० पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में आई सी एस एस आर एवं उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रायोजित “माइक्रो फाइनेंस फॉर वूमेन इंपावरमेंट एंड रिडक्शन इन रूरल आउट माइग्रेशन : माइक्रो एविडेंस फ्रॉम उत्तराखंड स्टेट “ विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आज दिनांक 14 मार्च 2026 को समापन हो गया।
सेमिनार के टेक्निकल सेशन में की नोट स्पीकर शहीद भगत सिंह कॉलेज (दिल्ली विश्वविद्यालय) से आये प्रोफेसर डी० डी० चतुर्वेदी ने माइक्रोफाइनेंस फॉर वूमेन इंपावरमेंट विषय पर अपना व्याख्यान देते हुए महिला सशक्तिकरण में भारतीय अवधारणाओं पर विचार करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि किसी सहारे का इंतजार किए बिना महिलाओं को अपने विकास के लिए स्वयं प्रयास करना चाहिए। सूक्ष्म वित्त को उन्होंने महिला उत्थान हेतु एक शक्तिशाली साधन बताया।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल ने अपने संबोधन में सशक्त उत्तराखंड के निर्माण हेतु सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता को निचले स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने संस्कार, संस्कृति और इतिहास पर जोर देते हुए कहा कि परिवार प्राथमिकता होना चाहिए, जब परिवार सही होगा तभी आप अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभा सकते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डी एस नेगी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को समानता एवं स्वतंत्रता देने के साथ-साथ महिलाओं के प्रति दृष्टिकोण बदलना जरूरी है। उन्होंने उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों से पलायन को रोकने के लिए पहाड़ी क्षेत्रों के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी अर्थव्यवस्था के विकास हेतु लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना अति आवश्यक है।
सेमिनार की समन्वयक प्रो प्रीति रानी ने दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस सेमिनार में देश के 17 राज्यों से 205 प्रतिभागियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से अपने रिसर्च पेपर प्रस्तुत किये।
सेमिनार की आयोजन सचिव डॉ० अंशिका बंसल ने से इस सेमिनार के औचित्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण करके उत्तराखंड को पलायन की समस्या से निजात दिलाई जा सकती है।
आयोजन समिति के सदस्य एवं वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक डॉ० संतोष कुमार गुप्ता द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया एवं मंच संचालन डॉ० रोशनी असवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर बसंतिका कश्यप, प्रो० आर एस चौहान, प्रो० आदेश कुमार, प्रो० राखी डिमरी , डॉ० प्रवीण जोशी, डॉ० संदीप कुमार, डॉ० अजीत सिंह, डॉ० विनोद सिंह, डॉ० रिचा जैन, डॉ० प्रियंका अग्रवाल, डॉ० मीनाक्षी वर्मा, डॉ० चंद्रप्रभा भारती सहित समस्त प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे ।


More Stories
हरिद्वार: रानीपुर क्षेत्र में नाले में अज्ञात शव मिलने से मची सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
महाविद्यालय देवप्रयाग के शिविर के चौथे दिन, डा. अमित कुमार ने “व्यक्तित्व का विकास” विषय पर दिया व्याख्यान
थत्यूड़: ग्राम भैसवाड़सारी के लिए स्वयंसेवकों ने उठाई आंगनबाड़ी की मांग