हरिद्वार, 09/05/2026 : आज धनौरी पी.जी. कॉलेज में एलुमिनी मीट का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय कुमार द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में उत्साह, आत्मीयता एवं पुरानी स्मृतियों का विशेष वातावरण देखने को मिला। मंच का सफल एवं प्रभावशाली संचालन सुश्री मोनिका रानी द्वारा किया गया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्राचार्य प्रो. विजय कुमार ने विद्यार्थियों एवं पूर्व छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एलुमिनी किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान एवं गौरव होते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों के अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होते हैं तथा उनके सुझाव महाविद्यालय की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
एलुमिनी सेल समिति की प्रभारी पुष्पा फर्स्वाण ने एलुमिनी की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाविद्यालय एवं पूर्व छात्रों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग से संस्थान नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने पूर्व छात्रों से महाविद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. हरीश रावत ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को कैरियर निर्माण, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर सीखते रहने एवं समाज के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी एल्युमिनी सदस्यों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय परिवार द्वारा पूर्व छात्रों का आत्मीय स्वागत किया गया तथा उनके योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर पूर्व छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए महाविद्यालय के साथ अपने जुड़ाव एवं पुरानी स्मृतियों को याद किया।
कार्यक्रम में डॉ. राखी बालियान, डॉ. राहुल कुमार, श्रीमती अंजलि सैनी, डॉ. किरण एवं डॉ. रवि शेखर सहित अनेक सहायक आचार्यगण, कर्मचारीगण, पूर्व छात्र एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


More Stories
राजकीय महाविद्यालय बलुवाकोट मे रेड क्रॉस दिवस पर ‘मानवता पर एकजुटता’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित
हरिद्वार: विवाहिता ने ससुरालियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, पुलिस से लगायी कार्रवाई की गुहार
हरिद्वार में चल रहे नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने को, राहुल चौधरी ने उठाई आवाज