हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ट्यूशन के लिए घर से निकली 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में शरीर में जहर होने की आशंका जताई गई है। मामले के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और कई पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गोविन्दपुरी निवासी किशोरी 8 मई की शाम करीब चार बजे घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर ज्वालापुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की। अगले दिन 9 मई की सुबह करीब 11 बजे किशोरी को बरामद कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने मित्र ऋतिक के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने गई थी। उसने यह भी बताया कि रात कनखल क्षेत्र में गंगा किनारे बिताई थी।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ के दौरान किशोरी और उसके परिजनों ने किसी प्रकार की आपराधिक घटना से इनकार किया था। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इसी बीच शाम के समय किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल रानीपुर मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
शनिवार को डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक रिपोर्ट में शरीर में संदिग्ध जहर होने की आशंका सामने आई है। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने उसके मित्र ऋतिक समेत कुछ अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और कॉल डिटेल, लोकेशन तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।


More Stories
जनता के सामने झुकना ही लोकतंत्र का सर्वोच्च सम्मान – अरविन्द सिसोदिया
उत्तरकाशी: राजकीय महाविद्यालय मोरी में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
हरिद्वार: शिवडेल स्कूल में मदर्स डे पर रक्तदान शिविर में रक्तदान शिविर का आयोजन