July 10, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: फर्जी हॉलमार्किंग सूचना पर दो ज्वालापुर के दो ज्वैलरी प्रतिष्ठानों पर छापा

हरिद्वार: भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की देहरादून शाखा ने फर्जी हॉलमार्किंग की सूचना मिलने पर हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में बड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की।

बीआईएस की टीम ने ज्वालापुर स्थित जहांगीर और बादशाह नामक दो आभूषण प्रतिष्ठानों पर सर्च एंड इन्वेस्टिगेशन अभियान चलाकर हॉलमार्किंग से जुड़े उपकरणों, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की।

कार्रवाई के दौरान टीम को एक कटिंग मशीन भी मिली, जिसे तकनीकी परीक्षण और विस्तृत जांच के लिए बीआईएस की निगरानी में रखा गया है। मामले की जांच भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 एवं संबंधित नियमों के तहत जारी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बीआईएस देहरादून के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने कहा कि संस्था हॉलमार्किंग प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी ज्वैलर्स से केवल बीआईएस से अधिकृत हॉलमार्किंग केंद्रों से ही स्वर्ण आभूषणों की हॉलमार्किंग कराने और सभी कानूनी प्रावधानों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 1 जून 2026 से BIS Care App में नई सुविधा जोड़ी गई है। अब उपभोक्ता किसी भी स्वर्ण आभूषण के 6 अंकों वाले HUID का सत्यापन करने पर ऐप में उस आभूषण का फोटो और वजन भी देख सकते हैं। इससे यह सुनिश्चित करना आसान हो गया है कि खरीदा जा रहा आभूषण उसी HUID से संबंधित है।

बीआईएस ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि स्वर्ण आभूषण खरीदने से पहले BIS Care App पर HUID का सत्यापन अवश्य करें और ऐप में दिख रहे फोटो व वजन का आभूषण से मिलान करें। किसी भी प्रकार की असंगति मिलने पर इसकी सूचना तुरंत बीआईएस को दें।

About The Author