August 23, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार: सराय बाईपास और मंडी-सराय मार्ग की बदहाली पर व्यापार मंडल ज्वालापुर ने जताई चिंता

संजीव शर्मा, हरिद्वार:  सराय बाईपास रोड एवं नवीन मंडी स्थल से सराय जाने वाली जर्जर सड़कों की हालत को लेकर शहर व्यापार मंडल, ज्वालापुर ने जिलाधिकारी हरिद्वार को पत्र भेजकर दोनों मार्गों की तत्काल मरम्मत एवं स्थायी पुनर्निर्माण की मांग की है।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन गुप्ता और महामंत्री विक्की तनेजा ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में बताया कि सराय बाईपास रोड सिंचाई विभाग के अधीन है, जबकि नवीन मंडी स्थल से सराय जाने वाली सड़क लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीन है।

दोनों मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के अनुसार दोनों मार्ग लगभग 80 गांवों को हरिद्वार नगर एवं मुख्य मार्गों से जोड़ते हैं। इन मार्गों पर प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। आसपास चार विद्यालय, चार अस्पताल, अनेक दुकानें एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान तथा करीब 20 आवासीय कॉलोनियां स्थित हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र में जिलाधिकारी से मांग की गई है कि सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग को संबंधित सड़कों की तत्काल मरम्मत/पुनर्निर्माण के निर्देश दिए जाएं। साथ ही स्थायी समाधान होने तक गड्ढों को भरने, जल निकासी की व्यवस्था करने तथा दोनों मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

व्यापार मंडल ने कहा कि यह केवल सड़क मरम्मत का मामला नहीं, बल्कि लगभग 80 गांवों के हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं मरीजों की सुरक्षा और सुगम आवागमन से जुड़ा गंभीर जनहित का विषय है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

 

About The Author