August 27, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

हरिद्वार में परिवहन विभाग का सघन प्रवर्तन अभियान, 160 चालान और ₹3.91 लाख की शमन राशि आरोपित

हरिद्वार, 27 अगस्त। जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा के नेतृत्व में जनपद हरिद्वार में यातायात नियमों के अनुपालन एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न प्रवर्तन टीमों द्वारा कुल 160 चालान किए गए तथा लगभग ₹3,91,600 की शमन राशि आरोपित की गई। जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का प्रयोग न करना प्रमुख उल्लंघन के रूप में सामने आया। हेलमेट संबंधी 76 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
इसके अलावा बिना कर रसीद, बिना वैध परमिट, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग तथा मोटरयान अधिनियम के अन्य उल्लंघनों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। प्रवर्तन अभियान के दौरान 37 वाहनों के पंजीयन प्रमाण-पत्र (RC) अभिरक्षा में लिए गए, जबकि 3 वाहनों को एआरटीओ कार्यालय लाया गया।

अभियान में बाहरी राज्यों से पंजीकृत वाहनों, विशेषकर उत्तर प्रदेश पंजीकृत पर्यटक एवं वाणिज्यिक वाहनों की भी विशेष रूप से जांच की गई।
एआरटीओ (प्रवर्तन) श्रीमती नेहा झा ने प्रवर्तन टीमों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से सीधे जुड़े उल्लंघनों, विशेषकर हेलमेट, सीट बेल्ट, परमिट, कर, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस एवं ओवरलोडिंग के मामलों में नियमित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रवर्तन कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात अनुशासन स्थापित करना होना चाहिए।

परिवहन विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे तथा गंभीर एवं बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

About The Author