हरिद्वार: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराधों के प्रति गंभीरता बरतते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली कनखल पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म एवं वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में वांछित को हिरासत में लिया।
दिनांक 03.09.2026 को पीड़िता की माता द्वारा कोतवाली कनखल में तहरीर देकर बताया गया कि एक युवक द्वारा उनकी नाबालिग पुत्री से दोस्ती कर उसे अपने विश्वास में लिया गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी द्वारा नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर फोटो/वीडियो बनाए गए तथा उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाने लगा।
डर के कारण नाबालिग द्वारा आरोपी को ₹01 लाख रुपये दिए गए, लेकिन इसके बावजूद आरोपी द्वारा लगातार और रुपयों की मांग की जाती रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली कनखल में मु0अ0सं0 311/2026 पॉक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रभारी अधिकारी थाना कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, नोएडा, अलीगढ़, बरेली एवं हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा।
कनखल पुलिस टीम द्वारा लगातार उसकी तलाश एवं दबिश की कार्रवाई जारी रखी गई। पुलिस की लगातार कार्रवाई से घिरता देख आरोपी अंततः कोतवाली कनखल पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया, जिसे पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


More Stories
शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर की वार्षिक बैठक संपन्न, दो नई व्यापार मंडल इकाइयों की घोषणा
हरिद्वार: मुख्यमंत्री ट्रॉफी राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का रोशनाबाद में शुभारंभ
गजा: कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सुनी जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश