October 13, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

धनौरी पी.जी. कॉलेज में ‘विकसित भारत @2047’ के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं की धूम

    • खेलकूद, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने दिखाया दम
    • प्रियांशु, अजय-रमन की जोड़ी, आयुषी सैनी और राहुल रहे अपने-अपने वर्ग में प्रथम

धनौरी, हरिद्वार, 13 अक्टूबर 2026: धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी में उत्तराखंड शासन एवं उच्च शिक्षा निदेशालय के अभियान ‘मेरे सपनों का भारत – विकसित भारत @2047’ तथा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कॉलेज में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
खेलकूद प्रतियोगिताएँ (टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन):
विद्यार्थियों में खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता में प्रियांशु ने प्रथम, कार्तिक ने द्वितीय तथा शिवम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बैडमिंटन पुरुष युगल (डबल्स) के एक रोमांचक फाइनल मुकाबले में अजय एवं रमन की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दीपक एवं अक्षय की जोड़ी को 21-19 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। दीपक और अक्षय की जोड़ी उपविजेता रही।
खेलों के सफल संचालन में खेल प्रभारी डॉ. राहुल कुमार, उप-प्रभारी डॉ. प्रभात कुमार और क्रीड़ा समिति के सदस्यों (डॉ. अर्पित सिंह, डॉ. अंकित कोहली, डॉ. कुमुद चौधरी, डॉ. अंकुर कुमार व डॉ. आनंद प्रकाश) ने मुख्य भूमिका निभाई। टेबल टेनिस में डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव व डॉ. निधि शर्मा तथा बैडमिंटन में डॉ. हरीश रावत व डॉ. श्वेता त्यागी ने निर्णायक (अंपायर) का दायित्व निभाया।
निबंध प्रतियोगिता:
हिंदी विभाग द्वारा ‘मेरे सपनों का भारत – विकसित भारत @2047’ विषय पर एक निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने विकसित भारत, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और केंद्र व राज्य सरकार के विकास कार्यों पर अपने बेहतरीन विचार लिखे। प्रतियोगिता में बीएससी की छात्रा आयुषी सैनी ने प्रथम, शगुन सैनी ने द्वितीय तथा सुहानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस कार्यक्रम का संयोजन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. गुड्डी चमोली तथा डॉ. गौरव मिश्रा द्वारा किया गया।
अंतर-विभागीय भाषण प्रतियोगिता:
महाविद्यालय के मुख्य सभागार में ‘विकसित भारत @2047 में युवाओं की भूमिका’ विषय पर अंतर-विभागीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विभिन्न संकायों के वक्ताओं ने राष्ट्र की प्रगति में युवाओं के योगदान पर ओजस्वी विचार रखे।
प्रतियोगिता में राहुल ने प्रथम, अजय ने द्वितीय तथा निधि ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस कार्यक्रम का सफल संयोजन डॉ. अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने किया, जबकि मूल्यांकन समिति में डॉ. कल्पना भट्ट, डॉ. अर्पित एवं डॉ. किरण शामिल रहे।
प्राचार्या का संदेश:
महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अलका सैनी ने सभी प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन की सराहना की और विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगी।
उन्होंने छात्रों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी प्रतिभा व विचारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और भारी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

About The Author