October 14, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

धनौरी पी.जी. कॉलेज में निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण जारी, बच्चों और महिलाओं में भी दिखा उत्साह

हरिद्वार, 14 अक्टूबर 2026: धनौरी पी.जी. कॉलेज, धनौरी में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईटी सेल के तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यशाला उत्साहपूर्वक जारी है।

इस कार्यशाला में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ क्षेत्र के बच्चों एवं महिलाओं को भी कंप्यूटर और डिजिटल तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कार्यशाला के प्रथम चरण में 40 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी, इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, एमएस ऑफिस तथा विभिन्न डिजिटल अनुप्रयोगों का अभ्यास कराया जा रहा है।

महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अलका सैनी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम डिजिटल साक्षरता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों, बच्चों और महिलाओं को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आईटी सेल के संयोजक डॉ. अर्पित सिंह के नेतृत्व में संचालित इस कार्यशाला में डॉ. निधि शर्मा, डॉ. शौर्यादित्य, डॉ. गौरव कुमार मिश्र एवं डॉ. कुमुद चौधरी सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं। डॉ. अर्पित सिंह ने बताया कि प्रतिभागी प्रशिक्षण में रुचि लेकर कंप्यूटर संबंधी नई जानकारियाँ सीख रहे हैं।

महाविद्यालय की यह पहल डिजिटल ज्ञान को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुँचाने और उन्हें शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसरों के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

About The Author