October 27, 2026

Naval Times News

निष्पक्ष कलम की निष्पक्ष आवाज

कनखल में गंगा नदी में कार धोना पड़ा भारी, तेज बहाव में गाड़ी समेत बहे 3 लोग, 2 को बचाया,1 लापता

हरिद्वार:  धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में आज शाम एक बड़ा हादसा हो गया। बैरागी कैंप के पास गंगा नदी के तेज बहाव में एक बोलेरो कार समेत तीन लोग बह गए।
सूचना मिलते ही थाना कनखल पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हालांकि, वाहन का चालक अभी भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
सवारी छोड़कर गाड़ी धोने उतरे थे गंगा में
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बोलेरो चालक पुष्कर सिंह (38 वर्ष), निवासी ग्राम सिमलखेत (चमोली), सोनप्रयाग (रुद्रप्रयाग) से सवारियां लेकर हरिद्वार आया था। सवारियों को गंतव्य पर छोड़ने के बाद, चालक अपने दो अन्य साथियों के साथ गाड़ी धोने के लिए बैरागी कैंप के पास बड़ा टापू के सामने गंगा नदी में उतरा था। इसी दौरान नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बेहद तेज हो गया, जिससे तीनों युवकों सहित बोलेरो कार पानी में बहने लगी।
कुंभ मेला कर्मचारियों की सूचना पर तुरंत पहुंचा राहत दल
नदी में वाहन और लोगों को बहता देख बैरागी कैंप में कुंभ मेले की तैयारियों में जुटे मजदूरों और कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। कनखल पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की मुस्तैद टीमों ने जान जोखिम में डालकर नदी के बीच से दो युवकों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया।
रेस्क्यू किए गए युवकों के नाम:
  1. हिमांशु रावत (23 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र सिंह रावत, निवासी ग्राम आगर चट्टी, गैरसैंण (चमोली)।
  2. राकेश सिंह (28 वर्ष), पुत्र सरोप सिंह, निवासी जनपद चमोली।
लापता चालक की तलाश जारी, परिजनों को दी सूचना

लापता बोलेरो चालक पुष्कर सिंह की तलाश के लिए सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने हादसे की जानकारी चालक के परिजनों को दे दी है।

About The Author